नीती घाटी में स्कीइंग की संभावनाएं, विशेषज्ञों ने अपर मलारी और टिम्मरसैंण का किया निरीक्षण

चमोली: सीमांत नीती घाटी में भविष्य के लिए स्कीइंग खेल की संभावनाएं तलाशने का काम भी शुरू हो गया है। विशेषज्ञों की एक टीम ने अपर मलारी व टिम्मरसैंण क्षेत्र की प्राकृतिक ढलानों का निरीक्षण कर इन्हें स्कीइंग के लिए उपयुक्त भी बताया है।

अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग खिलाड़ी विवेक पंवार के नेतृत्व में 4 सदस्यीय दल ने क्षेत्र का दौरा किया। टीम का कहना है कि यहां उचित आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएं तो ये ढलान अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग प्रतियोगिताओं के मानकों पर खरे भी उतर सकते हैं।

दल ने बताया कि अपर मलारी व टिम्मरसैंण महादेव के आसपास प्राकृतिक स्लोप स्कीइंग के लिए बेहद उपयुक्त भी हैं। यहां रोपवे, स्की लिफ्ट, प्रशिक्षण केंद्र  व सुरक्षा सुविधाएं विकसित कर पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा भी दिया जा सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार सर्दियों में यहां तापमान काफी कम रहता है और बर्फ लंबे समय तक जमी ही रहती है, जिससे स्कीइंग के लिए अच्छी गुणवत्ता की बर्फ उपलब्ध होती है। उनका मानना है कि इस क्षेत्र को भविष्य में लद्दाख, स्पीति घाटी व किन्नौर की तर्ज पर विकसित किया जा सकता है।