निहंगों की लोकेशन बनी पहेली, देहरादून पुलिस हाई अलर्ट पर

देहरादून: कुल्हाल बैरियर से आगे निहंगों के बढ़ने की सूचना के बाद शुक्रवार को पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। सबसे बड़ा सवाल यह बना रहा कि यदि निहंग बैरियर पार कर चुके थे, तो वे आखिर गए कहां। इस पर देर तक पुलिस व प्रशासन के पास कोई स्पष्ट जवाब ही नहीं था।

सूचना मिलते ही प्रेमनगर, सेलाकुई व सहसपुर समेत संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की गई और कई टीमें संभावित मार्गों पर निहंगों की तलाश में भी जुटीं। जिलाधिकारी आशीष चौहान व एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल भी प्रेमनगर में काफी देर तक स्थिति की निगरानी करते रहे, लेकिन शुरुआती दौर में निहंगों की सटीक लोकेशन का पता ही नहीं चल सका।

स्थिति को देखते हुए पुलिस व खुफिया विभाग ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी भी कर दिया। गुरुद्वारों के आसपास सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी भी बढ़ा दी गई। फिलहाल पुलिस लगातार हालात पर नजर भी बनाए हुए है।