Major action against land law violations in Nainital; 304 nalis of land to vest in the state government.
नैनीताल जिले में भू-कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 14 मामलों की जांच के बाद कुल 6.088 हेक्टेयर यानी करीब 304 नाली भूमि राज्य सरकार में निहित करने के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच में जमीन की खरीद और उसके इस्तेमाल से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। कुछ मामलों में लोगों ने बागवानी के उद्देश्य से जमीन खरीदी, लेकिन निर्धारित शर्तों के अनुसार वहां बागवानी नहीं की गई। वहीं, कुछ मामलों में एक ही परिवार की ओर से भू-कानून में तय सीमा से अधिक भूमि खरीदे जाने की बात सामने आई।
जांच के दौरान कृषि उपयोग के लिए दी गई भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने के मामले भी सामने आए। प्रशासन ने इन सभी मामलों को भू-कानून के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए भूमि को राज्य सरकार में निहित करने की कार्रवाई की है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि जिले में भू-कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद भू-कानून के नियमों का उल्लंघन कर जमीन खरीदने या निर्धारित उपयोग के विपरीत उसका इस्तेमाल करने वालों में हड़कंप मचा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
