राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को मिलेगी सीधी सरकारी नौकरी, उत्तराखंड में बनेगी नई खेल नीति

सीएमपुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि राष्ट्रीय खेल नीति 2025 के अनुरूप उत्तराखंड में नई खेल नीति भी तैयार की जाएगी। इसके तहत राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। साथ ही प्रयास होगा कि आउट ऑफ टर्न नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों को अधिकतर खेल विभाग में ही तैनाती भी मिले।

सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में अगले माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने व प्रवेश, कोच और कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत निर्माण कार्य तेज करने व राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल सुविधाओं के बेहतर रखरखाव पर जोर भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 39वें राष्ट्रीय खेल 2027 की तैयारियों के लिए खिलाड़ियों के विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएं और ‘एक जिला-एक खेल’ योजना के तहत प्रतिभा पहचान, कोचिंग व प्रतियोगिताओं को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में स्थापित भी करना है।

बैठक में बताया गया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जा चुकी है। वहीं 48 मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं और 10 अन्य स्टेडियमों का निर्माण कार्य भी जारी है।