Aiming for a top-5 finish at the 39th National Games, Uttarakhand has begun preparations to win medals.
39वें राष्ट्रीय खेलों में पदक तालिका के शीर्ष पांच में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ उत्तराखंड ने अपनी तैयारियां तेज करनी शुरू कर दी हैं। इस बार प्रदेश का विशेष फोकस उन 22 खेल विधाओं पर रहेगा, जिनमें राज्य के खिलाड़ियों ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक हासिल किए थे। इन खेलों में बेहतर प्रदर्शन दोहराने के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान और चयन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा के मुताबिक, कुछ खेलों के खिलाड़ियों का चयन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने पदक तालिका में सातवां स्थान हासिल किया था। अब प्रदेश का लक्ष्य पदक जीतने वाली खेल विधाओं में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ ही अन्य खेलों में भी पदक की संभावनाएं तलाशना है।
38वें राष्ट्रीय खेलों में मॉडर्न पेंटाथलॉन में उत्तराखंड का प्रदर्शन शानदार रहा था। इस खेल में प्रदेश ने सबसे अधिक 14 पदक जीते थे, जिनमें छह स्वर्ण पदक शामिल थे। इसके अलावा कैनोइंग एवं कयाकिंग में पांच, बॉक्सिंग में तीन, एथलेटिक्स में दो और जूडो में दो स्वर्ण पदक हासिल किए थे। वहीं वुशू, योगासन, कुश्ती, लॉन बॉल, बैडमिंटन, रोइंग, नेटबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, मलखंभ, जिम्नास्टिक, साइक्लिंग, लॉन टेनिस, भारोत्तोलन और शूटिंग में भी राज्य के खिलाड़ियों ने पदक जीते थे।
इन खेलों में खिलाड़ियों की तैयारी को और मजबूत किया जाएगा। हालांकि, प्रदेश की भागीदारी केवल इन्हीं खेलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सभी खेल विधाओं में प्रतिभावान खिलाड़ियों को अवसर देने की योजना है। अमित सिन्हा के मुताबिक, 39वें राष्ट्रीय खेलों में पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए खेल विभाग और संबंधित खेल संघों के बीच समन्वय बनाया जा रहा है। इसके साथ ही खिलाड़ियों की प्रशिक्षण संबंधी जरूरतों, प्रशिक्षकों की उपलब्धता, फिजियोथेरेपी, खेल पोषण और आधुनिक खेल उपकरणों की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है।
