Congress holds protest ahead of Amit Shah's visit; several party workers heading to the airport taken into custody
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे से पहले कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट की ओर जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने हाथों में काले गुब्बारे लेकर नारेबाजी की। वहीं, अमित शाह की जनसभा में शामिल होने के लिए परेड ग्राउंड में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भीड़ जुटी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जौलीग्रांट मुख्य मार्ग से होते हुए देहरादून एयरपोर्ट की ओर बढ़े। कांग्रेस ने एक दिन पहले ही अमित शाह को काले झंडे दिखाकर विरोध करने का एलान किया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। इसके बाद पुलिस ने जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल समेत कई कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली के राजघाट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस जबरन उठाकर ले गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसका विरोध जारी रहेगा।
वहीं, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने अमित शाह के दौरे के चलते आम जनता और व्यापारियों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर कई मार्ग बंद किए गए हैं। प्रशासन की ओर से एयरपोर्ट से देहरादून मार्ग पर पटाखों की दुकानों को भी शाम तक बंद कराया गया है। इससे आम लोगों को परेशानी के साथ व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि वीआईपी दौरे के नाम पर आम जनता की सुविधाओं और व्यापारियों की आजीविका को प्रभावित क्यों किया जा रहा है।
