More than 100 players participated in the belt grading examination.
देहरादून के अपोलो इंटरनेशनल स्कूल, सहस्रधारा रोड में राइजिंग शोतोकान कराटे-डो इंटरनेशनल एवं गुरुकुल मार्शल आर्ट्स एंड योगा अकादमी की ओर से कलर बेल्ट सेरेमनी एवं बेल्ट ग्रेडिंग समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 100 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा के दौरान कराटे की विभिन्न तकनीकों के साथ काता और कुमिते का प्रदर्शन किया।
बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा का निरीक्षण एवं मूल्यांकन रेन्शी डॉ. अमित चमोली और शिहान सुरेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, अनुशासन, मेहनत और कराटे की मूलभूत क्षमताओं को परखा गया। क्योशी अजय गुरूंग ने कहा कि कराटे में सफलता के लिए मजबूत आधारभूत प्रशिक्षण जरूरी है और बेल्ट ग्रेडिंग विद्यार्थियों की तकनीकी प्रगति व अनुशासन को परखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
समारोह की विशिष्ट अतिथि उप ग्राम प्रधान पूजा राणा और स्नेहा अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजा राणा ने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, स्नेहा अग्रवाल ने बालिका खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि लड़कियों का निर्भीक होकर कराटे जैसे मार्शल आर्ट में भाग लेना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा खेलों के चैंपियनों को भी सम्मानित कर उन्हें बधाई दी गई। समारोह में रिद्धि पांडे, महक प्रजापति, सिद्धांत पांडे, केशव चौहान, उज्ज्वल, जिज्ञासा, अन्वी सिंह, वन्या जोशी, सार्थक थापा, अक्षिता गुरंग सहित अन्य खिलाड़ी, टीम मैनेजर अग्रवाल और शिहान सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
