Meeting in Udham Singh Nagar regarding preparations for district level program on 23rd March on completion of 3 years of state government
देहरादून – राज्य सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 23 मार्च को आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय में वर्चुअल माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में “जन सेवा थीम” के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविरों और चिकित्सा शिविरों के सफल आयोजन पर चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों का अधिकतम लाभ आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम के सुचारू क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने मंत्री को अवगत कराया कि जनपद में चिकित्सा और बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन 22 से 25 मार्च 2025 तक किया जाएगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को आयोजित होगा। मंत्री गणेश जोशी ने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
इस बैठक में रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, काशीपुर मेयर दीपक बाली, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जनपद स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
