Major announcement by CM Dhami on Uttarakhand Foundation Day A Youth Commission will be established soon; PM Modi says the third decade will belong to Uttarakhand.
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को भराड़ीसैंण पहुंचे। यहां विधानसभा भवन परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। साथ ही परेड की सलामी लेने के बाद उसका निरीक्षण भी किया। समारोह में आईटीबीपी, पुलिस, पीएसी और एनसीसी की टुकड़ियों ने मार्चपास्ट किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द ही युवा आयोग का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब पहाड़ का पानी और जवानी दोनों प्रदेश के विकास में योगदान दे रहे हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि इस मामले में विपक्ष का रवैया सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के डीएनए में हार नहीं है। प्रदेश ने तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
सीएम धामी ने प्रदेश की विकास यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार में रेल लाइन का 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी को भी बढ़ाया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी भी दी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके संघर्ष को नमन किया।
पीएम मोदी ने कहा- 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का
राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक है। उन्होंने चारधाम सड़क परियोजना से लेकर समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी तक प्रदेश में हुए कार्यों की सराहना की।
पीएम मोदी ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहे हैं। सीएम धामी ने प्रधानमंत्री के संदेश पर आभार जताया।
राष्ट्रपति और गृह मंत्री ने भी दीं शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने की उम्मीद जताई।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड को देश का सांस्कृतिक हृदय बताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोगों ने राष्ट्रसेवा, साहित्य, कला और संस्कृति सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही बाबा केदार से प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।
