Aman, accused in the Jhabrera double murder case, arrested in an encounter.
झबरेड़ी गांव के दोहरे हत्याकांड के आरोपी अमन उर्फ भरोसी सिंह को पुलिस ने बूढ़पुर गांव के गन्ने के खेतों से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ भी की है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को अमन ने पड़ोसी युवक सूरज सिंह और अपनी सगी बहन रूपा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से वह फरार था।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीमों ने बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बूढ़पुर के जंगल में गन्ने के खेतों को घेर लिया। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में अमन के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
