Five trekkers missing on the Kedarnath-Vasukital trek; search operation underway.
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक रूट पर गए पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल से संपर्क टूटने के बाद खोजबीन शुरू कर दी गई है। परिजन यशवंत सिंह चौहान ने इसकी सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र यानी डीईओसी रुद्रप्रयाग को दी।
जानकारी के मुताबिक, उनके भाई प्रवेश चौहान 25 सितंबर को चार अन्य साथियों के साथ केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर गए थे। दल की ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री जाने की योजना थी।
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस कंट्रोल रूम, वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर और 40वीं वाहिनी पीएसी से संपर्क किया।
लापता ट्रेकर्स में अमित फर्सवाण, नवीन रावत, प्रवेश चौहान, विवेक और संजय सिंह रावत शामिल हैं। इनमें अमित फर्सवाण 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार, नवीन रावत 40वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग, प्रवेश चौहान फोरेस्टर उत्तरकाशी और संजय सिंह रावत पशुपालन विभाग केदारनाथ से जुड़े हैं, जबकि विवेक जग्गी बगवान के निवासी हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के निर्देश पर NDRF, SDRF और वन विभाग की टीमें ट्रैक रूट पर लापता ट्रेकर्स की तलाश कर रही हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर यूकाडा के सहयोग से हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में कम दृश्यता के कारण इसे फिलहाल स्थगित करना पड़ा। मौसम अनुकूल होने पर दोबारा हवाई सर्च अभियान चलाया जाएगा। वहीं, जमीनी स्तर पर रेस्क्यू टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।
