Assault follows collision between Scorpio and scooter in Rudrapur; main accused arrested.
रुद्रपुर के एलायंस कॉलोनी गेट के पास स्कूटी सवार युवकों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और उसके बाद मारपीट के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सन्नी चुघ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मंगलवार को गंगापुर रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 7 अगस्त की रात की है। अभिषेक और जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोप है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने दोनों युवकों से मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। बताया गया कि आरोपी ने फोन कर अपने कुछ साथियों को भी मौके पर बुला लिया था।
मामले में 8 अगस्त को अभिषेक के भाई अंकित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद हुए हंगामे के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सन्नी चुघ पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम, निवासी भूरारानी, को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में सामने आए साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
