भाजपा की जीत पर महेंद्र भट्ट ने जताई खुशी, कहा अंतिम परिणामों में और बड़ी जीत का भरोसा

अधिकांश निकायों मे भाजपा को बढ़त, जनता ने लगायी सरकार के कार्यों पर मुहर:भट्ट

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के अधिकांश निगमों और अन्य नगर निकायों में अपनी निर्णायक जीत की ओर बढ़ते हुए खुशी व्यक्त की है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने निकाय चुनाव के शुरुआती परिणामों को सरकार के कार्यों और पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रतिफल बताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जैसे-जैसे परिणाम सामने आएंगे, पार्टी की यह बंपर जीत और भी शानदार होगी।

विभिन्न मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अब तक के परिणामों को भाजपा की भारी जीत की ओर इशारा किया। भट्ट ने कहा कि प्रदेश के प्रमुख निगमों में भाजपा के उम्मीदवार निर्णायक जीत की स्थिति में हैं। इसके साथ ही नगरपालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों पर भी पार्टी के कार्यकर्ताओं की जीत हो रही है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पार्षद, सभासदों और वार्ड सदस्यों में रिकॉर्ड संख्या में जीत दर्ज करने से अब अधिकांश निकायों में भाजपा का बोर्ड बनना तय है।

प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा की इस बढ़ती जीत के लिए प्रदेश के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने में पार्टी सफल रही है, और यही कारण है कि भाजपा का सकारात्मक प्रचार और पिछला ट्रैक रिकॉर्ड अब रंग लाया है। भाजपा ने शहरी क्षेत्रों के लोगों का भी विश्वास जीतने में सफलता प्राप्त की है।

भट्ट ने भाजपा के पक्ष में आ रहे शानदार परिणामों का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की सटीक रणनीति को दिया। उन्होंने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए उन्हें उनके प्रयासों के लिए दिल से अभिनंदन किया। इसके अलावा, उन्होंने जीतने और हारने वाले सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं।

अंत में, उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि पार्टी द्वारा प्रस्तुत किए गए संकल्प पत्र के वादे हमारे सभी विजयी प्रतिनिधि पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। विकास और जनकल्याण के हमारे वादे, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी की गारंटी हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जैसे-जैसे अंतिम परिणाम सामने आएंगे, भाजपा की जीत और भी बड़ी और शानदार साबित होगी।