Leopard terror in Rudraprayag 8 schools declared two-day holiday after child abducted
रुद्रप्रयाग तहसील के सिंद्रवाणी क्षेत्र में गुलदार द्वारा एक मासूम बच्चे को उठाकर ले जाने की दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम भी उठाया है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र के 8 विद्यालयों में 4 और 5 फरवरी को अवकाश भी घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही इन स्कूलों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी 2 दिन के लिए बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अवकाश घोषित किए गए विद्यालयों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका, हिलोरीधार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका व जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल भी शामिल हैं।
मंगलवार को न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिंद्रवाणी गांव में यह हृदयविदारक घटना सामने आई, जब 5 वर्षीय बच्चे को गुलदार उसकी मां के हाथ से खींचकर ले गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल भी बना हुआ है। वन विभाग व ग्रामीणों की मदद से बच्चे की तलाश लगातार जारी है।
घटना के बाद से ग्रामीण बड़ी संख्या में सर्च ऑपरेशन में भी जुटे हुए हैं। गांव में भय व चिंता का माहौल है। जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों व मानव के बीच संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस और प्रभावी कार्रवाई की भी मांग की है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में ग्रामीणों और संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है। ग्रामीण प्रशासन से जल्द राहत और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उम्मीद भी लगाए हुए हैं।
