Kedarnath helicopter service resumed, it was closed for some time due to Indo-Pak tension
भारत-पाक तनाव के बीच सुरक्षा कारणों से रोक दी गई केदारनाथ हेली सेवा को एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से क्लियरेंस मिलने के बाद फिर से सुचारू कर दिया गया है। डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि चारधाम की सभी हेली सेवाएं अब सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बीच राज्य स्तरीय तैयारियों की समीक्षा की, जिसमें चारधाम यात्रा सहित सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा भी हुई। बैठक में सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
वहीं, भारत-पाक तनाव के चलते साइबर हमले की आशंका को देखते हुए एसटीएफ ने साइबर कमांडो तैनात कर विशेष निगरानी भी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया व संदिग्ध वेब गतिविधियों पर सतर्क नजर रखी जा रही है। डीजीपी दीपम सेठ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश भी दिए हैं।
