Intensive checking campaign in Dehradun since early morning, police on alert mode
देहरादून पुलिस ने बुधवार सुबह से पूरे जनपद में व्यापक सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अलर्ट मोड में है और नगर से लेकर देहात तक सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की आकस्मिक जांच की जा रही है।
अभियान के तहत सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों को तैनात किया गया है, जो निजी और सार्वजनिक वाहनों की चेकिंग के साथ संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उनके सत्यापन की कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 20 चेकिंग पॉइंट निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विजिबिलिटी बढ़ाई जाए और लगातार चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए। इसी क्रम में सीमावर्ती चेक पोस्ट, आंतरिक मार्गों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस टीमों द्वारा सघन जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान जिले में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों और व्यक्तियों की जांच के साथ-साथ अंदरूनी रास्तों पर भी संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
