उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन भी मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज बारिश के दौर को लेकर पूर्वानुमान भी जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और टिहरी जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट  भी जारी किया गया है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की भी काफी  संभावना है।

वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और बरसाती गधेरों के किनारे न जाने की अपील भी की है।

पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह भी दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 3 अगस्त तक पूरे उत्तराखंड में मौसम का यही मिजाज बने  रहने की संभावना है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।