Haridwar Chemical factory fire extinguished in 9 hours, two dead including the owner, two employees missing
हरिद्वार। रात हरिद्वार के इब्राहिमपुर गांव स्थित गणपति केमिकल फैक्टरी में भीषण आग लग गई, जिसे लगभग 9 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद काबू पाया जा सका। इस हादसे में फैक्ट्री के मालिक महेश चंद्र अग्रवाल और एक श्रमिक संजय की मौत हो गई, जबकि झुलसे हुए कर्मचारी जोगेंद्र सैनी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे में 2 कर्मचारी अभी भी लापता हैं, और लाखों का नुकसान हुआ है।
रविवार की रात करीब 9 बजे फैक्ट्री में धमाके के साथ आग लग गई, जिसके कारण आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। आग की लपटों को देखकर लोग डर गए, और मायापुर, सिडकुल सहित कई अन्य स्थानों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, और करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
घटनास्थल का जायजा लेने सोमवार सुबह पुलिस कप्तान प्रमेंद्र सिंह डोबाल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान फैक्ट्री मालिक महेश चंद्र अग्रवाल और श्रमिक संजय के रूप में हुई है। फैक्ट्री में भारी मात्रा में केमिकल्स होने के कारण आग लगातार भड़कती रही, जिससे रेस्क्यू कार्य में भी काफी कठिनाइयां आईं। फिलहाल, आग बुझा दी गई है, लेकिन रसायनों के कारण खतरा अभी भी बना हुआ है।
फैक्ट्री की तलाशी के दौरान एक युवक का शव बाथरूम से बरामद हुआ, जबकि दूसरा शव पास ही पाया गया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और जांच जारी है। पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की गहनता से जांच भी कर रहे हैं।
