Earthquake disaster mock drill to be held in Dehradun on November 15, a major test of relief and rescue preparedness at 10 locations
देहरादून: भूकंप जैसी संभावित आपदा से निपटने की तैयारी के तहत जिले में 15 नवंबर 2025 को सुबह 9:30 बजे से व्यापक मॉक अभ्यास भी किया जाएगा। इस दौरान जिले के 10 अलग-अलग स्थानों पर राहत व बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।
अभ्यास से पहले गुरुवार को सभी संबंधित विभागों व एजेंसियों के साथ टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें आईआरएस से जुड़े नोडल अधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी भी दी गई और अभ्यास के दौरान पूरी तत्परता से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि मॉक अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय व राहत कार्यों की दक्षता को परखना है। भूकंप की काल्पनिक स्थिति में विभिन्न विभागों द्वारा राहत व बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा ताकि वास्तविक आपदा के दौरान न्यूनतम समय में अधिकतम राहत भी दी जा सके।
मॉक ड्रिल में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन दल, पीआरडी, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ सहित सभी संबंधित एजेंसियां भी भाग लेंगी। अभ्यास के दौरान इमरजेंसी सायरन भी बजाए जाएंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं, यह सिर्फ अभ्यास का ही हिस्सा होगा।
देहरादून में यह अभ्यास कोरोनेशन अस्पताल, महाराणा प्रताप स्टेडियम, आईएसबीटी, विद्युत उप केंद्र आराघर, जल संस्थान दिलाराम चौक, पैसिफिक मॉल, कालसी के पाटा गांव व राइका कस्तूरबा गांधी, विकासनगर के औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई और ऋषिकेश में टीएचडीसी के पास आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम सदर हरिगिरी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीएमओ डॉ. एम.के. शर्मा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुशील कुमार, डीएसओ के.के. अग्रवाल, डीडीएमओ ऋषभ कुमार सहित सभी एजेंसियों के नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे।
