Dinesh Arya to reach Rajya Sabha unopposed; Kumaon to get representation after 12 years.
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। शुक्रवार को नाम वापसी की समय सीमा पूरी होने के बाद चुनाव आयोग की टीम उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा करेगी। उनके मुकाबले किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
दिनेश आर्य के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही उत्तराखंड से राज्यसभा पहुंचने वाले नए प्रतिनिधि के रूप में उनका नाम सामने आएगा। कुमाऊं क्षेत्र के लिहाज से भी इसे अहम माना जा रहा है। करीब 12 साल बाद कुमाऊं से किसी नेता को राज्यसभा में प्रतिनिधित्व मिलने जा रहा है। इससे पहले भगत सिंह कोश्यारी इस क्षेत्र से राज्यसभा पहुंचे थे।
दिनेश आर्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) रह चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नैनीताल सीट से दावेदारी की थी। हालांकि, भाजपा ने इस सीट से सरिता आर्य को टिकट दिया था, जिसके बाद दिनेश आर्य ने इस्तीफा दे दिया था। बाद में मान-मनौव्वल के बाद उन्हें सरकार में जिम्मेदारी दी गई।
राज्यसभा चुनाव में किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में नहीं होने के कारण दिनेश आर्य का निर्विरोध चुना जाना तय है। हालांकि, निर्वाचन की आधिकारिक पुष्टि नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव आयोग की ओर से की जाएगी।
