Clash between two groups in Doon Hospital's emergency ward; brandishing of sharp-edged weapons causes panic.
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह मेडिकल परीक्षण के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हो गया। इस दौरान धारदार हथियार लहराए जाने की बात भी सामने आई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद इमरजेंसी में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमरजेंसी में मेडिकल परीक्षण के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। हंगामे के बीच धारदार हथियार लहराए जाने से अस्पताल में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।
स्थिति को देखते हुए मरीजों की सुरक्षा के मद्देनजर इमरजेंसी का मुख्य गेट कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। इससे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्पताल की इमरजेंसी जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में पहले भी कई बार विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
फिलहाल घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है और पुलिस को शिकायत देने की बात कही है।
