Punjab Chief Secretary KP Sinha did not appear in response to an ED summons, citing his presence in Delhi.
पंजाब सरकार के मुख्य सचिव एवं वित्त विभाग के अधिकारी केपी सिन्हा गुरुवार को जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। ईडी ने उन्हें 26 नवंबर को जांच में शामिल होने के लिए समन जारी किया था। बताया जा रहा है कि केपी सिन्हा ने दिल्ली में होने का हवाला देते हुए पेशी से छूट मांगी है।
दरअसल, यह जांच मोहाली के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में कथित अनियमितताओं और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोपों से जुड़ी है। ईडी जमीन अधिग्रहण, नीलामी, आवंटन, चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू) की मंजूरी और बिल्डरों को कथित तौर पर दी गई रियायतों से जुड़े फैसलों की जांच कर रही है।
इस मामले में ईडी पहले पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, आईएएस अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ और गमाडा व हाउसिंग विभाग के अन्य अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। सितंबर में गमाडा मुख्यालय और हाउसिंग विभाग से जुड़े 26 ठिकानों पर छापेमारी भी की गई थी।
अब इस जांच के सिलसिले में मौजूदा मुख्य सचिव केपी सिन्हा और प्रमुख वित्त सचिव को भी समन जारी किए गए हैं। केपी सिन्हा के पेश नहीं होने के बाद मामले में ईडी की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
