Dhami government's 5-year report card released ahead of 2027 elections; BJP highlights its achievements
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने धामी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह काम केवल भाजपा ही कर सकती है। वर्ष 2022 में भी पार्टी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता के आशीर्वाद से भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। जनता से किए गए वादों को पूरा किया गया है या उन्हें पूरा करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पहले हर पांच साल में सरकार बदलने का मिथक था, लेकिन जनता ने इसे तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया। सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम किया है और अब अपने कार्यों का लेखा-जोखा भी जनता के सामने रख रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताएं शुरू से स्पष्ट रही हैं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं को सशक्त बनाना, बच्चों को बेहतर शिक्षा देना और बुनियादी सुविधाओं के ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
धामी ने कहा कि कोरोना काल में पर्यटन और परिवहन क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया था। चिकित्सा क्षेत्र को भी 205 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले और अनाथ हुए बच्चों को वात्सल्य योजना के माध्यम से सहारा दिया गया। भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ नकल पर रोक लगाने के लिए सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया। सरकार ने 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन घर बैठे कोचिंग की सुविधा दी है। युवाओं के लिए जर्मनी और जापान में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। युवा आयोग के गठन की प्रक्रिया चल रही है और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड दिया गया है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जल्द ही प्रदेश को 50 हजार मकान मिलने जा रहे हैं। वहीं, देवभूमि परिवार योजना में परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को मुखिया माना गया है, जिससे परिवार में महिलाओं की भूमिका और महत्व को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं और सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
जमरानी, लखवाड़ और किशाऊ बांध परियोजनाओं को लेकर कही ये बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमरानी बांध परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह 10-12 साल के थे, तब से जमरानी बांध बनने और पानी आने के नारे सुनते आ रहे हैं। डबल इंजन सरकार आने के बाद इस दिशा में प्रयास शुरू हुए और अब परियोजना निर्माण की प्रक्रिया में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि लखवाड़, सौंग और किशाऊ बांध परियोजनाएं लंबे समय से उलझी हुई थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इनके निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। किशाऊ परियोजना में सभी राज्यों ने आगे आकर भाग लिया है।
आपदा प्रबंधन विभाग को ब्रिक्स में मिली सराहना
धामी ने कहा कि उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन विभाग को ब्रिक्स में सराहना मिली है। सिलक्यारा सुरंग में बचाव अभियान के दौरान इसकी टीआरपी विश्व कप से भी ज्यादा थी। उन्होंने वन्यजीवों के हमलों को प्रदेश के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि प्रभावितों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। इसके अलावा शहीद सैनिकों के सम्मान में उनकी प्रतिमाएं उनके आवास के आसपास या गांव में स्थापित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद हुए सभी चुनावों में जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया है और सरकार आगे भी जनता की सेवा करती रहेगी। उन्होंने वर्ष 2022 के संकल्प पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यूसीसी लागू करने और तीन सिलिंडर देने समेत कई वादे किए गए थे। सरकार ने इन योजनाओं को शुरू किया है और संकल्प पत्र के वादों को धरातल पर उतारा जाएगा। धामी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की सरकारों में वह नेतृत्व क्षमता नहीं थी, जो किशाऊ जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ा सके।
