सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजे मंदिर

सावन के प्रथम सोमवार पर उत्तराखंड के चमोली व श्रीनगर समेत कई क्षेत्रों के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भी उमड़ी। भगवान गोपीनाथ मंदिर, बटलेश्वर, गंजेश्वर, बामनाथ व रुद्रनाथ मंदिर में शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद भी लिया।

मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ व ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठे। वहीं श्रीनगर के प्रसिद्ध कमलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी ही नहीं दिखी।

देहरादून के आराघर स्थित लक्ष्मी नारायण पंचायती मंदिर व केदारपुरम के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।