A registration system will also be in place for winter pilgrimages in Uttarakhand, and data on pilgrims will be compiled.
चारधाम यात्रा की तर्ज पर अब उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा के लिए भी पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है। इससे यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की जानकारी पर्यटन विभाग और प्रशासन के पास उपलब्ध रहेगी। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से श्रद्धालुओं का डाटा भी तैयार किया जा सकेगा। हालांकि, शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य नहीं होगा।
चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो चुके हैं। वहीं, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यात्रा छह महीने के लिए स्थगित हो जाएगी। इसके बाद शीतकाल में चारों धामों की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होगी, जहां श्रद्धालु दर्शन और पूजा कर सकेंगे।
शीतकाल में बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। मां गंगोत्री की पूजा मुखबा, मां यमुनोत्री की पूजा खरसाली में होती है। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर और उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में की जाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए, जबकि वर्ष 2025 में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, चारधाम यात्रा के बाद प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन और यात्रा को बढ़ावा देने की योजना है। इसके लिए पंजीकरण व्यवस्था तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीतकालीन यात्रा में चारधाम यात्रा की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या कम रहती है, इसलिए पंजीकरण अनिवार्य नहीं किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं की जानकारी जुटाना और सुरक्षा के लिहाज से यात्रा का रिकॉर्ड तैयार करना है।
