A couple from Slovakia got married in Haridwar according to Hindu customs, taking the seven vows amidst the chanting of Vedic mantras.
धर्मनगरी हरिद्वार में सनातन संस्कृति और भारतीय वैवाहिक परंपराओं के प्रति विदेशी जोड़े का आकर्षण देखने को मिला। स्लोवाकिया से आए पेट्रोलिना और जैकब ने कुंभनगरी हरिद्वार में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
धर्मशाला में आयोजित विवाह समारोह में पुरोहित डॉ. प्रतीक मिश्रपुरी और विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में संपन्न कराईं। राजघाट पर मां गंगा की कल-कल बहती धारा के बीच आयोजित इस समारोह में वर-वधू ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. प्रतीक मिश्रपुरी ने कहा कि समाज में तलाक जैसी बढ़ती प्रवृत्तियों के बीच विदेशी जोड़ों का सनातन संस्कृति और हिंदू विवाह परंपराओं की ओर आकर्षित होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलिना और जैकब ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया है।
विवाह संपन्न होने के बाद नवदंपती अपने देश स्लोवाकिया लौट जाएंगे। हरिद्वार की पावन धरती और मां गंगा के तट पर संपन्न हुआ यह विवाह उनके जीवन की यादगार स्मृति बन गया।
