CCTV footage reveals circumstances behind youth's death in Dehradun; murder case registered against two individuals.
देहरादून: पटेलनगर के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में दो युवक अपने साथ जा रहे एक व्यक्ति को धक्का देकर गिराते और उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों उसे सड़क पर छोड़कर चले जाते हैं। कुछ देर बाद लौटकर युवक को हिलाने-डुलाने के बाद फिर वहां से फरार हो जाते हैं। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
20 अक्टूबर को मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शुरुआती जांच में उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने नियमानुसार 72 घंटे तक शिनाख्त का इंतजार किया, लेकिन पहचान नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन व्यक्ति सड़क पर साथ जाते दिखाई दिए। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने साथी को धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद धक्का देने वाले व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की, जबकि दूसरा व्यक्ति पास में खड़ा रहा।
गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज
उपनिरीक्षक जयवीर सिंह की ओर से दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, दोनों युवक कुछ देर बाद घटनास्थल पर लौटे और जमीन पर पड़े व्यक्ति को हिलाया-डुलाया। इसके बाद वे वहां से चले गए। पुलिस की शुरुआती जांच में युवक की मौत को धक्का देने और मारपीट की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी कर रही है।
