3 AK-47 magazines and 82 cartridges recovered in Kotkapura, Punjab; suspected to be linked to a past era of terrorism.
कोटकपूरा: पंजाब के कोटकपूरा में जैतो-बठिंडा बाईपास के पास एके-47 राइफल के तीन मैगजीन और 82 कारतूस लावारिस हालत में मिलने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। कारतूसों पर पुरानी तारीखें अंकित होने के कारण इनके आतंकवाद के दौर से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इनका वास्तविक स्रोत क्या है और ये यहां कैसे पहुंचे, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
सूचना पर पुलिस ने की तलाशी
जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोटकपूरा में तैनात एएसआई गुरजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम जैतो-बठिंडा बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रब्ब वाले खूह के पास रजबाहे की कच्ची पटरी पर कारतूस छिपाकर रखे गए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर तलाशी ली। इस दौरान तीन मैगजीन बरामद हुए, जिनमें 7.62 एमएम के कुल 82 कारतूस भरे हुए थे।
पुराने कारतूस होने की आशंका, जांच जारी
कारतूसों पर पुरानी तारीखें अंकित होने के चलते पुलिस उनके पुराने होने की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन्हें जानबूझकर वहां छिपाया गया था या किसी अन्य स्थान से लाकर फेंका गया था।
डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार के मुताबिक, पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। बरामद कारतूसों की पृष्ठभूमि और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
