Pathankot on high alert ahead of the festive season; 300 additional personnel requested for security.
पठानकोट: त्योहारी सीजन को देखते हुए पंजाब के सीमावर्ती जिले पठानकोट में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिला पुलिस ने 300 अतिरिक्त जवानों की मांग की है। इनके पहुंचने के बाद जिले में एक हजार से अधिक जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सघन जांच
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें जांच कर रही हैं। इसके अलावा पैरामिलिट्री बलों और घातक कमांडो की तैनाती की तैयारी भी की जा रही है। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पठानकोट में एयरबेस सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठान मौजूद हैं। इसकी सीमाएं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश से लगती हैं। इसी वजह से जिले को सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।
14 पुलिस नाकों पर 24 घंटे निगरानी
एसएसपी मनप्रीत सिंह के अनुसार, जिले में सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस के पांच और अंतरराज्यीय नौ पुलिस नाकों पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। प्रत्येक नाके पर करीब 10 जवान तैनात हैं। दिन में पुलिसकर्मी सुरक्षा संभालते हैं, जबकि रात में सेना के जवान भी सहयोग करते हैं।
एसएसपी ने बताया कि 300 अतिरिक्त जवानों की मांग भेजी गई है और उनके एक-दो दिन में पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
बाहरी राज्यों से आने वालों के रिकॉर्ड की जांच
पठानकोट में प्रवेश करने वाले बाहरी राज्यों के लोगों की पहचान और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस उपलब्ध जांच एप की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी का सत्यापन कर रही है। संवेदनशील मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कमांडो और पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी की आशंकाओं को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि समय रहते कार्रवाई कर त्योहारी सीजन में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
