चैंपियन-उमेश विवाद पर भाजपा अध्यक्ष का बयान, सीएम से हुआ संपर्क
पूर्व विधायक कुंवर प्रवण सिंह चैंपियन व निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच हुए विवाद पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में पिछले 2 दिनों से जो माहौल पैदा किया जा रहा है, वह दोनों नेताओं के लिए उचित नहीं है।
भट्ट ने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेना गलत है और इस मामले पर सीएम धामी से बातचीत की गई है। उन्होंने कहा, “पार्टी किसी को भी यह अधिकार नहीं देती कि वह कानून को अपने हाथ में ले। जो भी ऐसा करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।”
ये है पूरा मामला
बीते शनिवार को पूर्व विधायक कुंवर प्रवण सिंह चैंपियन और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच अपशब्दों को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद उमेश कुमार रात को अपने समर्थकों के साथ चैंपियन के कैंप कार्यालय और लंढौरा महल के बाहर पहुंचे, जहां जमकर हंगामा हुआ। उमेश कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए चैंपियन को चुनौती भी दी थी और इसके वीडियो भी वायरल हो गए।
रविवार को चैंपियन और उनके समर्थक उमेश कुमार के कार्यालय पहुंचे, जहां तोड़फोड़ और समर्थकों से मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।