BJP gears up for 2027 elections, assigns 24-hour stays at assembly level for leaders
देहरादून: आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद भी तेज कर दी है। दिल्ली में हुई पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के सांसद, मंत्री व विधायक विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 24 घंटे का प्रवास भी करेंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि भाजपा की कोर कमेटी के 17 सदस्यों को राज्य की 23 हारी हुई विधानसभा सीटों की विशेष जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। इन सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद व वरिष्ठ नेता नियमित प्रवास कर संगठन को मजबूत करने व कार्यकर्ताओं से संवाद करने का काम करेंगे। कुछ सांसदों को 2 से 3 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
पार्टी के अनुसार, प्रत्येक प्रवास के दौरान स्वच्छता अभियान व वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य होगा। साथ ही नेताओं को शक्ति केंद्रों की बैठकों में शामिल भी होना होगा। भाजपा के प्रदेश में 2835 शक्ति केंद्र हैं, जो बूथ व मंडल स्तर के बीच संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाते हैं।
इस बीच भाजपा संगठन में हुए बदलाव के बाद संगठन महामंत्री अजय कुमार के राजस्थान जाने से खाली हुए पद का प्रभार फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को सौंपा गया है। वह प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ संगठन महामंत्री की जिम्मेदारियां निभाएंगे।
वहीं, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को भाजपा प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान भी चलाएगी। इस अभियान में जिला, मंडल व बूथ स्तर तक पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे।
