Access to Sports Department portal changed; data of lakhs of children feared to be affected.
खेल विभाग के पोर्टल और ऐप का संचालन करने वाली कंपनी पर बिना अनुमति वेबसाइट के क्रेडेंशियल और एक्सेस बदलने का आरोप लगा है। इससे विभाग की कई योजनाओं का काम प्रभावित हुआ है और लाखों बच्चों का डाटा चोरी होने की आशंका भी जताई जा रही है। चैंपियनशिप ट्रॉफी, उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और डिजिटल यूथ फेस्टिवल जैसी योजनाएं इससे प्रभावित हुई हैं।
इस मामले में खेल विभाग के नोडल अधिकारी आईटी सेल आदर्श पंत ने मंगलवार को रायपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में खेल विभाग की वेबसाइट संचालित करने वाली खेब टेक स्ट्राटेजी प्राइवेट लिमिटेड के CEO अंशुल बगई पर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के मुताबिक, कंपनी को निविदा के तहत विभाग का वेब पोर्टल और ऐप तैयार करने और संचालित करने का जिम्मा दिया गया था। इसी दौरान कंपनी के पास जरूरी क्रेडेंशियल और एक्सेस था, लेकिन बाद में विभाग की सहमति या पूर्व सूचना के बिना इसे बंद कर दिया गया। इससे विभाग का अपने ही डिजिटल सिस्टम पर नियंत्रण प्रभावित हुआ और सरकारी योजनाओं के संचालन में गंभीर तकनीकी दिक्कतें आईं।
रायपुर थाने के एसओ संजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि कंपनी को पोर्टल और ऐप का एक्सेस किन शर्तों पर दिया गया था, क्या उसे एक्सेस वापस लेने का अधिकार था और क्या इसे वास्तव में बिना अनुमति और जानबूझकर बंद किया गया।
