ऋषिकेश के बजरंग सेतु पर कांच वाले रास्ते से चलने के लिए देना पड़ सकता है शुल्क, SOP होगी लागू

ऋषिकेश के बजरंग सेतु को लेकर लोक निर्माण विभाग नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार भी कर रहा है। इसके तहत पुल के कांच वाले फुटपाथ पर जाने के लिए श्रद्धालुओं व पर्यटकों से शुल्क लिया जा सकता है, जबकि सामान्य मार्ग सभी के लिए पहले की तरह ही खुला रहेगा।

करीब 69.20 करोड़ रुपये की लागत से बने 132.30 मीटर लंबे इस आधुनिक सस्पेंशन ब्रिज में दोनों ओर पांच परतों वाले टफेंड ग्लास का पैदल मार्ग भी बनाया गया है। कांच वाले हिस्से की सुरक्षा व रखरखाव को देखते हुए प्रवेश को नियंत्रित करने की योजना भी बनाई जा रही है।

कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए कांच वाले हिस्से को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। विभाग के अनुसार SOP में एक समय में कितने लोगों को प्रवेश मिलेगा, निगरानी कैसे होगी व मेंटेनेंस की व्यवस्था कैसे होगी, यह भी तय किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने बताया कि दुनिया के कई देशों की तर्ज पर टिकट व्यवस्था से भीड़ नियंत्रण व रखरखाव दोनों में मदद मिलेगी। बजरंग सेतु को न सिर्फ आवाजाही बल्कि ऋषिकेश के नए पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित भी किया जा रहा है।