Body of youth missing for two days recovered in Jalandhar; family raises questions about police investigation
जालंधर के बस्ती इलाके के ग्रीन वैली क्षेत्र में दो दिनों से लापता युवक जनक राज का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। युवक की मौत के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को दबाने और तथ्यों को छिपाने की कोशिश की, जबकि पुलिस का कहना है कि जनक राज की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक सीरिंज बरामद हुई है और वहां एक अन्य युवक भी बेहोशी की हालत में मिला था। पुलिस का दावा है कि जनक राज की मौत नशे की ओवरडोज से हुई। हालांकि, परिवार ने पुलिस के इस दावे पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस की ओर से दिखाई गई तस्वीरों में जनक राज साफ-सुथरे बिस्तर पर लेटा नजर आ रहा था। उन्होंने सवाल किया कि यदि घटनास्थल पर नशे का सेवन किया गया था तो बिस्तर की हालत ऐसी कैसे थी और उन्हें सीरिंज की तस्वीरें क्यों नहीं दिखाई गईं।
जानकारी के अनुसार, जनक राज पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पुलिस को एक अज्ञात युवक का शव मिला है। परिवार के सदस्य जब सिविल अस्पताल और थाने पहुंचे तो उनका आरोप है कि शुरुआत में उन्हें गुमराह किया गया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 2 बजे पुलिस ने उन्हें तस्वीरें दिखाईं, जिनके आधार पर परिजनों ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
मृतक के पिता और परिवार का कहना है कि जनक राज की जेब से पहचान पत्र मिला था, जिससे उसकी पहचान और पते का पता लगाया जा सकता था। इसके बावजूद पुलिस ने परिवार को समय रहते सूचना नहीं दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस पूरे मामले में स्पष्ट जानकारी देने के बजाय गोलमोल जवाब दे रही है।
परिजनों ने यह भी बताया कि जनक राज नशा छोड़ने के लिए सिविल अस्पताल से दवाई ले रहा था और उसका पूरा रिकॉर्ड अस्पताल में मौजूद है। परिवार को आशंका है कि घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों को बचाने के लिए मामले की सच्चाई छिपाई जा रही है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
