The measure of success is not a fancy degree or a fat paycheck, but rather good values and humility Ram Nath Kovind
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि सफलता का पैमाना केवल बड़ी डिग्री, ऊंचा पद या मोटी तनख्वाह नहीं है, बल्कि व्यक्ति की विनम्रता, माता-पिता के प्रति सम्मान और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदना है। शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। वह बृहस्पतिवार को दीनदयालनगर स्थित जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर के 47वें वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
रामनाथ कोविंद ने अभिभावकों से कहा कि हर बच्चे की प्रतिभा और रुचि अलग-अलग होती है। ऐसे में बच्चों की दूसरों से तुलना करने और अच्छे अंक लाने का दबाव बनाने के बजाय उनकी क्षमताओं को पहचानकर प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विज्ञान, तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होना होगा। इसके लिए कंप्यूटर और विदेशी भाषाओं का ज्ञान हासिल करना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही मातृभाषा, भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान भी बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्ञान का वास्तविक मूल्य तभी है, जब वह व्यक्ति के व्यवहार में विनम्रता लेकर आए।
पूर्व राष्ट्रपति ने विद्यालय के इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1970 में ईश्वरचंद्र गुप्त और उनके अनुज प्रेमचंद गुप्त ने अपनी माता की स्मृति में इस विद्यालय की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि यहां से विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान लेकर न निकलें, बल्कि सेवा, त्याग, करुणा और राष्ट्रभक्ति के संस्कार भी अपने जीवन में अपनाएं।
समारोह में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, त्याग, सेवा और सुशासन पर आधारित नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा विद्यार्थियों ने हमारे पर्व, आजादी का अमृत महोत्सव, महिषासुर मर्दिनी, राजस्थानी लोकनृत्य और वंदे मातरम् पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सौरभ मालवीय ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के संस्थापक डॉ. आशीष गौतम और विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता सिंह उपस्थित रहीं।
