AI cannot replace human thought and values Deputy CM Pathak
मानव सोच का स्थान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कभी नहीं ले सकता। एआई परिभाषा बता सकता है, लेकिन संस्कार नहीं दे सकता। स्मार्ट होते एआई टूल्स प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीर तो बना सकते हैं, लेकिन घुरऊ प्रसाद जैसे आम आदमी की तस्वीर नहीं बना पाएंगे। दरअसल, सोशल मीडिया पर हम जो भी सामग्री अपलोड करते हैं, एआई टूल्स उसी के आधार पर तस्वीरें तैयार करते हैं। यह बात गुरुवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पाठक ने छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में आयोजित अमर उजाला शिक्षक सम्मान-2026 समारोह में कही।
विश्वविद्यालय के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डिप्टी सीएम ने शिक्षकों के सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने इसे लोकतंत्र की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया। पाठक ने कहा कि नए भारत के निर्माण में शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। विद्यार्थियों के स्मार्ट होने का मतलब है कि उन्हें हर क्षेत्र का ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में माता-पिता और गुरु को भगवान का दर्जा दिया गया है। यह परंपरा भारत की विशेषता है। माता-पिता और गुरु ही ऐसे होते हैं, जो अपने पुत्र और शिष्य की सफलता से सच्ची खुशी महसूस करते हैं।
थ्री इडियट्स फिल्म का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह एक दोस्त दूसरे दोस्त के अधिक अंक आने पर दुखी होता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों पर कैंपस प्लेसमेंट और नौकरी का अनावश्यक दबाव न डालें। मानव जीवन अमूल्य है और सबसे जरूरी ज्ञान प्राप्त करना है। ज्ञान होगा तो सफलता के रास्ते अपने आप खुलेंगे। उन्होंने कहा कि चाणक्य जैसे विद्वान नहीं होते तो शून्य जैसी महत्वपूर्ण खोज भी संभव नहीं होती। शिक्षकों से उन्होंने बच्चों को चाणक्य जैसी शिक्षा देने और उनमें देश का नेतृत्व करने की क्षमता विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेज भारत से धन लूटकर ले गए, लेकिन यहां का ज्ञान नहीं ले जा सके। बच्चों को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना चाहिए।
पहले ठेके पर होती थी नकल, अब सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षाएं
डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले परीक्षा में ठेके पर नकल कराई जाती थी और शिक्षा माफिया परीक्षा केंद्रों के लिए जुगाड़ लगाया करते थे। अब नकल माफिया या तो जेल में हैं या उनका प्रभाव खत्म हो चुका है। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जा रही हैं। इससे मेहनत से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले अपराधी लोगों को डराते थे, लेकिन अब अपराधी खुद डर रहे हैं।
पहले ड्रोन और मिसाइल खरीदता था भारत, अब दूसरे देशों को बेच रहा
डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के कई देशों में युद्ध चल रहे हैं। ब्रिटेन और अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर दबाव है, जबकि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पहले भारत दूसरे देशों से मिसाइल और ड्रोन खरीदता था, लेकिन अब दूसरे देशों को इनकी बिक्री कर रहा है। यह देश की बढ़ती तकनीकी और रक्षा क्षमताओं को दर्शाता है।
अमर उजाला निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता की मिसाल
डिप्टी सीएम ने अमर उजाला की पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि यह अखबार निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता की मिसाल है। उन्होंने आपातकाल के दौर का जिक्र करते हुए बताया कि कांग्रेस शासनकाल में खबरों के कारण अमर उजाला की बिजली काट दी गई थी, लेकिन अखबार ने वैकल्पिक ऊर्जा का इस्तेमाल कर अपना प्रकाशन जारी रखा। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारिता के मूल्यों से समझौता न करना मीडिया की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
