UP Elections A 3-2 seat-sharing arrangement between RLD and BJP is likely in the Baghpat Lok Sabha constituency.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और भाजपा के बीच सीटों के बंटवारे पर जल्द बातचीत शुरू होने वाली है। बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों में तीन सीटें रालोद और दो सीटें भाजपा के खाते में जाने का फॉर्मूला तैयार किया जा रहा है। दोनों दलों के नेताओं के बीच 24 नवंबर को पहली बैठक होगी। इसके बाद तीन दौर की बातचीत के जरिए दिसंबर के पहले सप्ताह तक सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद है।
विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ ही दोनों दलों के नेताओं की निगाहें सीटों के बंटवारे पर टिकी हैं। किस विधानसभा सीट पर किस पार्टी का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा, यह तय नहीं होने के कारण कई नेता खुलकर चुनावी मैदान में सक्रिय नहीं हो पा रहे हैं। अब अगले सप्ताह से दोनों पार्टियों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत शुरू होने जा रही है। रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष गुर्जर के अनुसार, शीर्ष स्तर पर सीट बंटवारे को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
छपरौली और सिवालखास पर रालोद की दावेदारी मजबूत
बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों में फिलहाल रालोद के दो और भाजपा के तीन विधायक हैं। छपरौली से रालोद के डॉ. अजय कुमार और सिवालखास से गुलाम मोहम्मद ने जीत दर्ज की थी। वहीं भाजपा के केपी मलिक बड़ौत, योगेश धामा बागपत और मंजू सिवाच मोदीनगर से विधायक हैं।
मौजूदा समीकरणों के आधार पर छपरौली और सिवालखास सीटें रालोद के पास रहने की संभावना है, जबकि मोदीनगर सीट भाजपा के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है। बड़ौत और बागपत विधानसभा सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच अभी पेंच फंसा हुआ है। इन दोनों सीटों पर बातचीत के बाद ही अंतिम स्थिति साफ होगी।
2022 में गठबंधन के तहत पांचों सीटों पर रालोद के प्रत्याशी उतरे थे
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और रालोद के बीच गठबंधन था। उस समय बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा सीटों बागपत, बड़ौत, छपरौली, सिवालखास और मोदीनगर पर रालोद के प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। हालांकि सिवालखास सीट पर सपा के गुलाम मोहम्मद को रालोद के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ाया गया था। गठबंधन टूटने के बाद भी गुलाम मोहम्मद रालोद के साथ ही रहे।
कांग्रेस की दावेदारी से बागपत में सपा नेताओं की बढ़ी चिंता
बागपत विधानसभा सीट को लेकर सपा के भीतर भी टिकट की दावेदारी तेज है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए जिन 181 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की है, उनमें बागपत सीट भी शामिल है। कांग्रेस की इस मांग से सपा के उन नेताओं की चिंता बढ़ गई है, जो लंबे समय से इस सीट पर चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।
सपा की ओर से रवि बैंसला, बिल्लू प्रधान, संजीव त्यागी और राहुल अवाना बागपत सीट से टिकट के दावेदार हैं। ये सभी काफी समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं और टिकट पाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। वहीं बड़ौत सीट से शौकेंद्र तोमर और छपरौली सीट से वर्तमान जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी दावेदारी कर रहे हैं।
हालांकि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बागपत सीट पर कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा था। पार्टी को उस चुनाव में केवल 1,229 वोट मिले थे। ऐसे में कांग्रेस की दावेदारी के बावजूद पिछले चुनाव के आंकड़े उसके पक्ष में नहीं हैं। दूसरी ओर, वर्ष 2022 में सपा ने गठबंधन के तहत बागपत लोकसभा क्षेत्र की तीन सीटें रालोद को दी थीं। अब नए चुनावी समीकरणों में कांग्रेस की मांग और रालोद-भाजपा के बीच सीट बंटवारे का फैसला क्षेत्र की सियासत को प्रभावित कर सकता है।
