Dhirendra Shastri offers clarification regarding his remarks on Lord Krishna; says he will visit Mathura on November 21.
प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती परेड ग्राउंड में रामकथा के समापन के बाद देर रात बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान कृष्ण पर दिए गए बयान को लेकर मीडिया के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “हमारे तो नाम में ही कृष्ण है। हम 21 नवंबर को मथुरा जाने वाले हैं।”
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वह हर बात पर सफाई देना जरूरी नहीं समझते, क्योंकि जब कोई अपने कार्य के लिए निकलता है तो तरह-तरह की बातें होती हैं। उन्होंने कहा, “वह अपना काम कर रहे हैं और हम अपना काम कर रहे हैं। संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 के तहत हमें अपने धर्म का प्रचार करने का पूरा अधिकार है। उस अनुसार कथा नहीं रोकी जा सकती। अगर कथा रोकी जाएगी तो फिर नमाज भी रोकी जाएगी और चर्च की प्रार्थना भी रोकी जाएगी। ऐसा होगा तो व्यवस्था बिगड़ जाएगी।” उन्होंने कहा कि हिंदू और सनातनी जाग रहे हैं तथा अब हिंदुओं ने मुखरता के साथ जवाब दिया है।
यह उत्सव नहीं, सनातन जागरण का महोत्सव है
बेंती में आयोजित कार्यक्रम को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि एक ओर गंगा बह रही हैं तो दूसरी ओर चार दिनों तक रामकथा की गंगा बहेगी। उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे कुंडा में प्रयागराज का महाकुंभ लगा हो। उन्होंने कहा कि चारों तरफ सनातनियों का सैलाब उमड़ा है। सनातन और हिंदुत्व के लिए काम करने वाले रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की ओर से यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि सनातन जागरण महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।
कथा में संत, महंत, महात्मा, राजपीठ और व्यासपीठ से जुड़े लोग पहुंचे। कथा शुरू होने में देरी होने पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने लोगों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि पहली बार पाकिस्तानी हिंदुओं को कथा सुनाने का अवसर मिल रहा है, जो उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि अगले दिन सुबह पाकिस्तानी हिंदुओं से हवन भी करवाया जाएगा।
जिस राज्य की प्रजा प्रसन्न, वही राम राज्य
कुंडा के बेंती राजभवन में रामकथा के शुभारंभ के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राम राज्य की व्याख्या करते हुए कहा था कि जिस राज्य में पूरी प्रजा प्रसन्न रहती है, वही राम राज्य है। जिस राज्य में केवल राजा प्रसन्न रहता है, वह रावण राज्य है। मंगलवार दोपहर तीन बजे शुरू हुई कथा में उन्होंने कहा कि जिस राज्य में नारी भोग की वस्तु नहीं, बल्कि पूजनीय होती है, वही राम राज्य है। उन्होंने प्रभु श्रीराम को ब्रह्म बताते हुए कहा कि उनसे आदर्श चरित्र किसी का नहीं हो सकता।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आज गोपाष्टमी है और यह ठाकुर जी की अष्टमी है। इसी दिन ठाकुर जी ने गाय चराना शुरू किया था। उन्होंने कहा कि इसी दिन प्रतापगढ़ की धरती पर जन्मे धर्म सम्राट स्वामी करपात्री ने गोमाता के मुद्दे को लेकर संसद की ओर कूच कर आंदोलन छेड़ा था।
उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी के दिन ही कुंडा में रामकथा की शुरुआत हो रही है। सनातन और रामकथा का उद्देश्य सभी को जोड़ना है। प्रभु श्रीराम जन-जन के हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम वन गए, तभी वे मर्यादा पुरुषोत्तम बने। यदि वे वन नहीं जाते तो उनका आदर्श चरित्र उस रूप में सामने नहीं आ पाता।
