Opportunity for government recruitment for over 2,200 posts in Uttarakhand; advertisements to be released this month.
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग इसी महीने पुलिस कांस्टेबल, दरोगा समेत समूह-ग के 2200 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। आयोग ने भर्ती का कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि वर्दीधारी पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू कराने की योजना है।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के मुताबिक, वर्दीधारी पदों के तहत पुलिस कांस्टेबल, पीएसी, आईआरबी आरक्षी, अग्निशामक, वन आरक्षी, स्पेशल टाइगर गार्ड, आबकारी सिपाही, परिवहन आरक्षी, बंदीरक्षक और सचिवालय रक्षक के करीब 1694 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया गया है। वहीं, पुलिस दरोगा, प्लाटून कमांडर पीएसी और आईआरबी, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, उप निरीक्षक अभिसूचना, उप आबकारी निरीक्षक और वन दरोगा के करीब 250 पदों पर भर्ती का विज्ञापन 25 नवंबर को जारी किया जाएगा।
इसके अलावा मानचित्रकार और प्रारूपकार के करीब 200 पदों के लिए 30 नवंबर को विज्ञापन जारी होगा। इसी दिन आयोग स्नातक स्तरीय अर्हता वाले पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी करेगा। आयोग के अध्यक्ष के अनुसार, इस महीने कुल मिलाकर करीब 2200 समूह-ग पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
वहीं, वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती के लिए 23 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर दौड़ के साथ शॉट पुट, ऊंची कूद और लंबी कूद में शामिल होना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को पहले से पर्याप्त अभ्यास करने की सलाह दी है। परीक्षा के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। यह परीक्षा दो दिन चलेगी। पहले दिन अभ्यर्थियों को सुबह सात बजे परीक्षण केंद्र पहुंचना होगा। बायोमीट्रिक उपस्थिति के बाद माप-जोख और दौड़ की प्रक्रिया होगी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर बार कोड की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसी भी समस्या के लिए 9520991174 और 9520991172 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती के तहत वैयक्तिक सहायक और सहायक समीक्षा अधिकारी पदों की टंकण परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित होगी। इसके एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। वहीं, हाईकोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों में कनिष्ठ सहायक और स्टेनोग्राफर पदों की भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर को होगी। दूसरी ओर, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग प्रवक्ता-कला की परीक्षा छह दिसंबर को आयोजित करेगा। इसके एडमिट कार्ड 19 नवंबर को जारी किए जाएंगे।
