Rekha Arya and Girdhari Sahu controversy Viral audio to be investigated; SIT to approach court for voice sample.
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद में अब वायरल ऑडियो की सत्यता जांचने की तैयारी है। विशेष जांच दल यानी एसआईटी गिरधारी लाल साहू का वाइस सैंपल लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगा। दीपावली की छुट्टियों के बाद न्यायालय खुलने का इंतजार किया जा रहा है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद वाइस सैंपल लेकर फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा, जहां वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज से उसका मिलान किया जाएगा।
दरअसल, मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सत्येंद्र राठौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में उन्होंने धोखाधड़ी, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की साजिश रचने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। मंत्री ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी अपनी शिकायत का आधार बनाया था।
वहीं, गिरधारी लाल साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए ऑडियो को एआई से तैयार की गई फर्जी रिकॉर्डिंग बताया था।
मामले की जांच के लिए एसएसपी ने नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। जांच में शामिल होने के लिए कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद पेश नहीं होने पर पुलिस ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट हासिल किया था। इसके बाद एसआईटी ने झांसी से गिरधारी लाल साहू और बरेली से उनके भतीजे सत्येंद्र को गिरफ्तार किया था।
अब जांच टीम वायरल ऑडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है। एसआईटी प्रभारी जया बलोनी के मुताबिक, कोर्ट खुलने के बाद गिरधारी लाल साहू का वाइस सैंपल लेने के लिए अर्जी दाखिल की जाएगी। अदालत के फैसले के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
