In Kotkapura, a man accompanying a farmer—who was on his way to the grain market with a load of paddy—died in an accident after falling from a tractor-trolley.
पंजाब के कोटकपूरा में धान की फसल लेकर मंडी जा रहे एक किसान के साथी की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना सोमवार तड़के बठिंडा रोड पर रिलायंस मॉल के पास हुई। मृतक की पहचान जिला मोगा के गांव वांदर डोड निवासी जीवन सिंह के रूप में हुई है। वह अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है।
जानकारी के मुताबिक, गांव वांदर डोड निवासी किसान जगदेव सिंह अपने साथी जीवन सिंह के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लेकर कोटकपूरा मंडी जा रहे थे। इसी दौरान बठिंडा रोड पर रिलायंस मॉल के पास सड़क पर बने हंप से ट्रैक्टर गुजरते समय जीवन सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद वह ट्रैक्टर के टायरों की चपेट में आ गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर गांव के सरपंच जोरा सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि जीवन सिंह के परिवार में तीन छोटे बच्चे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जीवन सिंह उसी ट्रैक्टर के नीचे आए थे या साथ चल रहे किसी दूसरे ट्रैक्टर की चपेट में आए।
वहीं, थाना सिटी के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
