Main shooter in the Gurudwara Manji Sahib firing case arrested; the plot was hatched to blackmail Baba Baldev Singh.
पंजाब के लुधियाना में गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य सेवादार संत बाबा बलदेव सिंह के कमरे पर फायरिंग करने वाले मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राज सिंह उर्फ राजू निवासी नूरपुर, मछीवाड़ा, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस अब दूसरे शूटर की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, 28 अक्टूबर की सुबह करीब 3:10 बजे दो नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजोआणा कलां स्थित गुरुद्वारा मंजी साहिब में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने मुख्य सेवादार बाबा बलदेव सिंह के कमरे पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लुधियाना ग्रामीण पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने संयुक्त जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के आने-जाने के करीब 200 किलोमीटर के रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से मुख्य शूटर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य सेवादार बाबा बलदेव सिंह को ब्लैकमेल करने के लिए धमकियां दी जा रही थीं। इसी सिलसिले में उन्हें डराने के उद्देश्य से गुरुद्वारे में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया।
एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस दूसरे शूटर की तलाश कर रही है। इसके अलावा गांव गगड़ा स्थित गुरुद्वारा गोपालसर साहिब और गुरुद्वारा मंजी साहिब में हुई फायरिंग की घटनाओं को भी पुलिस ने रिकॉर्ड समय में ट्रेस करने का दावा किया है।
