Robbery at BJP councilor's house; allegation of food being spiked with a sedative; servant absconding.
देहरादून के बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि करीब 20 से 25 दिन पहले घर में काम पर रखा गया नेपाल मूल का घरेलू सहायक परिवार के सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने के बाद घर से सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
खाना खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। पार्षद अमिता सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत ठीक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि घरेलू सहायक को पार्षद की बेटी मेघा, जो दिल्ली में रहती हैं, ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए काम पर रखा था। पुलिस अब उसके पहचान और पते से जुड़े दस्तावेजों के सत्यापन की जांच कर रही है।
वारदात के बाद से फरार नौकर की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उसके मोबाइल नंबर, ऑनलाइन संपर्क और अन्य संभावित ठिकानों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
