Lured by promise of huge profits in Bitcoin; swindled of ₹13.35 lakh.
देहरादून में बिटकॉइन कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 13 लाख 35 हजार 323 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जून 2026 में पीड़ित को एक व्यक्ति ने फोन कर अपना नाम कार्तिक अग्रवाल बताया और कहा कि वह बिटकॉइन कारोबार करने वाली कंपनी में काम करता है। उसने 10 हजार डॉलर के निवेश पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक मुनाफे का लालच दिया और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम पर 20 लाख रुपये जमा करने को कहा।
आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों के जरिए 13,35,323 रुपये जमा किए। ये रकम आईएमटी मार्केट के मनी कलेक्टरों के भारतीय बैंक खातों में भेजी गई। भुगतान के बाद रसीद या स्क्रीनशॉट वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा जाता था और रकम ऑनलाइन ट्रेडिंग खाते में दिखाई देने लगती थी।
कुछ समय बाद वेबसाइट पर पीड़ित के खाते में करीब 20 हजार डॉलर दिखाई दिए। जब उसने रकम निकालने की कोशिश की तो निकासी रोक दी गई। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित के मुताबिक, उसने कार्तिक से बातचीत भी की, जिसकी रिकॉर्डिंग उसके पास है।
पीड़ित ने 15 सितंबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। डालनवाला पुलिस ने कार्तिक अग्रवाल और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच निरीक्षक अश्विनी बलूनी को सौंपी है। थाना प्रभारी विनोद गुसाईं के मुताबिक, पुलिस बैंक लेनदेन, मनी कलेक्टरों और आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
