BJP's new team places a major bet on poll-bound states and social equations.
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम के गठन में आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों के साथ-साथ जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधने पर खास जोर दिया है। नई टीम में उत्तर प्रदेश को सबसे ज्यादा तवज्जो मिली है, जहां से आठ नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह दी गई है।
लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा ने इस बार पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग पर खास फोकस किया है। नई टीम में तीन ओबीसी चेहरों के साथ दो मुस्लिम नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं, पूर्वांचल के ब्राह्मण चेहरे और बस्ती से दो बार सांसद रहे हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश से नई टीम में दो महामंत्री, दो उपाध्यक्ष और दो मंत्री शामिल किए गए हैं। धौरहरा की पूर्व सांसद रेखा वर्मा को तीसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है, जबकि अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी की लंबे समय बाद संगठन में वापसी हुई है। बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को भी राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा ने प्रो. तारिक मंसूर और कुंवर बासित अली को महत्वपूर्ण पद देकर अल्पसंख्यक समुदाय के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने का संकेत दिया है। बासित अली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के साथ काम कर चुके हैं और भाजपा के मुस्लिम संपर्क अभियान में भी सक्रिय रहे हैं।
वहीं, बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह और ओबीसी चेहरा संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्या को ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। ओबीसी समाज की महिलाओं को भी राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है। इसे यूपी में सामाजिक समीकरणों को साधने और समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण की काट तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पंजाब में भी भाजपा ने सिख समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति अपनाई है। पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के चचेरे भाई और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। वहीं तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को भी राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।
उत्तराखंड से तीन नेताओं को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया टीम में सह संयोजक बनाया गया है। इसे उत्तराखंड के प्रमुख ठाकुर और ब्राह्मण सामाजिक समूहों के बीच संतुलन बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
अन्य राज्यों में भी चुनावी और संगठनात्मक समीकरणों को ध्यान में रखा गया है। राजस्थान से सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश से गजेंद्र पटेल, हरियाणा से संजय भाटिया और त्रिपुरा से बिप्लब देब को राष्ट्रीय जिम्मेदारियां दी गई हैं। हरियाणा से संजय भाटिया और सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। अरुण यादव को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह संयोजक और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।
नई टीम में दूसरे दलों से भाजपा में आए नेताओं को भी जगह दी गई है। आम आदमी पार्टी से आए संदीप पाठक और कांग्रेस से भाजपा में आए रोहन गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। इससे पार्टी के विस्तार और नए सामाजिक-राजनीतिक आधार को मजबूत करने की रणनीति का संकेत मिलता है।
हालांकि, आगामी चुनाव वाले गोवा और मणिपुर को नई राष्ट्रीय टीम में कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के गृहप्रदेश बिहार को भी केवल दो चेहरे मिले हैं। ऐसे में नई टीम को देखकर साफ है कि संगठन में प्रतिनिधित्व तय करते समय केवल राज्यवार संतुलन नहीं, बल्कि चुनावी जरूरत, सामाजिक समीकरण और पार्टी की भविष्य की रणनीति को प्राथमिकता दी गई है।
