तमक नाले में लापता BRO जवान पंकज रुधौला की तलाश जारी, ड्रोन और रेस्क्यू डॉग भी अभियान में शामिल

चमोली जिले की नीति घाटी में तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज पानी और मलबे में लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवान पंकज रुधौला की तलाश लगातार जारी है। 123 इकाई में तैनात चालक पंकज रुधौला तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गए थे। उनकी खोज के लिए रेस्क्यू टीमें नाले के आसपास मलबे, जलधाराओं और अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।

तलाशी अभियान में दो एक्सकेवेटर, गढ़वाल राइफल्स के जवान, दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हैं। दुर्गम इलाकों में निगरानी और सर्चिंग के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। भारी बोल्डरों और मलबे को एक्सकेवेटर की मदद से हटाकर हर संभावित स्थान की बारीकी से जांच की जा रही है।

हवलदार पंकज पिथौरागढ़ के निवासी हैं। उनके परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को खोज अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF के समन्वय से अभियान की लगातार निगरानी करने को कहा है।

जिलाधिकारी ने पंकज के परिजनों से संवाद कर शासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। वहीं मुख्यमंत्री ने भी परिजनों से दूरभाष पर बात कर उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और जवान की तलाश तथा परिवार को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।