Valmiki community protests in Rudrapur; demands arrest of BJP leader and his brother.
ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में भाजपा नेता और उसके भाई की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग नगर निगम परिसर में जुटे और सफाई कार्य का बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रामपुर-हल्द्वानी हाईवे पर पहुंचकर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया।
वाल्मीकि समाज भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ और उनके भाई सन्नी चुघ की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। समाज के लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।
मामला 9 अगस्त को स्कूटी को टक्कर लगने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि विवाद के दौरान पारस चुघ और सन्नी चुघ ने तीन लोगों के साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले में डंडों और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया, जिससे तीन लोग घायल हुए। घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वाल्मीकि समाज में नाराजगी बढ़ती गई। सोमवार को समाज के लोगों ने सफाई कार्य का बहिष्कार कर नगर निगम परिसर में धरना शुरू कर दिया। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर दोपहर 2 बजे तक का समय मांगा गया था, लेकिन इससे पहले ही बड़ी संख्या में लोग नगर निगम पहुंच गए।
इसके बाद प्रदर्शनकारी रामपुर-हल्द्वानी हाईवे पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली, पंतनगर और दिनेशपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क से हटाया और यातायात सुचारू कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वापस नगर निगम परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
मौके पर प्रभारी सीओ अखिलेश कुमार सिंह भी पहुंचे और समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत की। हालांकि, फिलहाल प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। वाल्मीकि समाज ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो कोतवाली का घेराव किया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बाद में बड़ी संख्या में समाज के लोग कोतवाली पहुंच गए और दोबारा सड़क जाम करने की तैयारी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है।
वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कोतवाली पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। रुद्रपुर विधायक शिव सिंह अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार चल रही है और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधी कोई भी हो, कानून अपना काम करेगा और सरकार किसी को संरक्षण नहीं देगी।
