हरिद्वार में स्कूल वाहनों पर सख्त कार्रवाई, दो दिन में 75 वाहनों के चालान

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर हरिद्वार में परिवहन विभाग ने 2 दिवसीय विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिलेभर में स्कूल बसों व अन्य स्कूल वाहनों की जांच की गई, जिसमें 2 दिनों में कुल 75 वाहनों के चालान किए गए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास व लेडी अटेंडेंट समेत सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

जांच के दौरान कई वाहनों में फिटनेस व परमिट की कमी, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र का अभाव, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र नहीं मिलने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई भी जारी रहेगी।