पीएम मोदी के टिहरी दौरे की तैयारी तेज, टिहरी झील में बोटिंग की भी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित टिहरी दौरे को लेकर प्रशासन व भाजपा संगठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। टिहरी झील किनारे कोटीकॉलोनी में बड़ी जनसभा की तैयारी भी चल रही है, वहीं प्रधानमंत्री के साहसिक पर्यटन से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर भी अब चर्चाएं तेज हैं।

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी टिहरी झील में कोटीकॉलोनी से डोबरा-चांठी तक बोटिंग भी कर सकते हैं। इसे टिहरी झील में एडवेंचर टूरिज्म को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए टीएचडीसी ने विभिन्न समितियों का गठन कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंप दी हैं। बृहस्पतिवार को टीएचडीसी के मुख्य महाप्रबंधक आरआर सेमवाल, एएसपी दीपक सिंह, एसडीएम कमलेश मेहता व जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने कोटीकॉलोनी क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। अधिकारियों ने झील में संचालित क्रूज व बार्ज बोट की सुरक्षा व्यवस्थाएं भी जांचीं।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री कुछ समय क्रूज बोट में बिता सकते हैं। साथ ही कोटीकॉलोनी क्षेत्र में सुरक्षित होमस्टे की तलाश भी प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

प्रधानमंत्री का यह दौरा टिहरी बांध की 1000 मेगावाट क्षमता वाली पंप स्टोरेज प्लांट परियोजना के लोकार्पण से जुड़ा भी माना जा रहा है। करीब 8 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के शुरू होने से टिहरी बांध की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट तक भी पहुंच जाएगी।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से स्थानीय लोगों में भी उम्मीदें भी बढ़ी हैं। बांध प्रभावितों के पुनर्वास, रायल्टी, क्षेत्रीय विकास व फिकवाल समुदाय को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल किए जाने जैसे मुद्दों पर लोगों की नजरें भी टिकी हैं।