उत्तराखंड STF का बड़ा एक्शन, श्रीनगर से साइबर ठगी नेटवर्क के दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम ने देशभर में सक्रिय साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर (बड़गाम) से 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। संवेदनशील व चुनौतीपूर्ण हालात में किए गए इस ऑपरेशन को टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम भी दिया।

एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शौकत हुसैन मलिक व बिलाल अहमद फर्जी बैंक खातों, मोबाइल सिम व एटीएम कार्ड के जरिए देशभर में साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे। जांच में इनके खातों से जुड़े मामले उत्तराखंड समेत 7 राज्यों में सामने आए हैं।

यह कार्रवाई ऐसे इलाके में की गई, जहां पहले ग्रेनेड हमलों की घटनाएं भी हो चुकी हैं। गिरफ्तारी के दौरान स्थानीय स्तर पर तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर पुलिस टीम पर दबाव भी बनाने लगे। बावजूद इसके एसटीएफ टीम ने संयम व रणनीति के साथ दोनों आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में लेकर अदालत से रिमांड भी हासिल कर लिया।

मामला देहरादून के 71 वर्षीय बुजुर्ग से 65 लाख रुपये की डिजिटल अरेस्ट ठगी से भी जुड़ा है। ठगों ने खुद को टेलीकॉम विभाग, दिल्ली पुलिस व सीबीआई अधिकारी बताकर वीडियो कॉल पर फर्जी वारंट दिखाया और डराकर रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर भी करा ली।

जांच में बैंक खातों, मोबाइल नंबरों व डिजिटल डेटा के विश्लेषण से इस संगठित गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, कई एटीएम कार्ड व आधार-पैन समेत अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।